वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह की निर्भया के दोषियों को माफ करने की अपील पर हंगामा मच गया। दोषियों की फांसी का इंतजार कर रहीं निर्भया की मां ने सख्त एतराज जताते हुए सवाल किया कि इंदिरा जयसिंह ऐसा सुझाव देने वाली होती कौन हैं। इस तरह का बयान शर्मनाक है। भगवान भी कहे, तो भी माफी का सवाल नहीं उठता। इससे पहले वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने निर्भया की मां से अपील की कि वे निर्भया के गुनहगारों को माफ कर दें। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने अपने पति व दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या की दोषी नलिनी की मौत की सजा माफ कर दी थी, ऐसा ही उदाहरण निर्भया की मां को भी पेश करना चाहिए। इंदिरा जय सिंह के मुताबिक, वह उनके दर्द और वेदना को समझती हैं, लेकिन मृत्युदंड के खिलाफ हूं। दिल्ली की अदालत से चार दोषियों की फांसी की तारीख टलने के बाद निर्भया की मां ने निराशा जाहिर की थी। उन्होंने सवाल किया कि सुझाव देने वाली इंदिरा जयसिंह कौन है। पूरा देश चाहता है दोषियों को फांसी जल्द से जल्द फांसी मिले। सिर्फ उनके जैसे लोगों की वजह से दुष्कर्म पीड़ितों के साथ न्याय नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि मैं सुप्रीम कोर्ट में कई बार उनसे मिली हूं। उन्होंने कभी मेरे बारे में नहीं सोचा और आज दोषियों के लिए कैसे बोल रही हैं। ऐसे लोग की रोजी रोटी दुराचारियों का समर्थन करके चलती है। इसलिए दुष्कर्म की घटनाएं बंद नहीं हो रही।